केंद्रीय मंत्री रामेश्वर तेली और असम के श्रम मंत्री संजय किशन की मौजूदगी में उस समय शर्मनाक स्थिति बन गई जब असम के तिनसुकिया जिले में एक कार्यक्रम में एक अश्लील क्लिप स्क्रीन पर चलने लगी। घटना शनिवार को तिनसुकिया के होटल में इंडियन ऑयल के मेथनॉल-मिश्रित एम -15 पेट्रोल के पायलट लॉन्च के दौरान हुई। इस दौरान इंडियन ऑयल के कई शीर्ष अधिकारियों के साथ लोकल प्रशासन भी मौजूद था।
हालांकि रामेश्वर तेली ने घटना पर कहा कि उस समय वो तेल कंपनी के एक अधिकारी का भाषण सुन रहे थे। उनका ध्यान स्क्रीन पर नहीं था। उनके पीए ने घटना के बारे में बताया। तिनसुकिया के डीसी भी वहां बैठे थे। उन्हें मामले की जांच का निर्देश दिया गया है। केंद्रीय मंत्री का कहना है कि अगर यह सच है तो दोषी व्यक्ति के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
एक रिपोर्ट के मुताबिक लॉन्च के लाइव फ़ुटेज को प्रसारित करने के लिए मंच के पीछे स्क्रीन लगाई गई थी। जब इंडियन ऑयल का एक अधिकारी मंच पर बोल रहा था तब अश्लील क्लिप दिखाई दी। इसके बाद वहां हड़कंप की स्थिति बन गई। आयोजकों ने वीडियो को कुछ ही सेकंड में स्क्रीन से हटा दिया। लेकिन माना जा रहा है कि समारोह में मौजूद कुछ लोगों ने अपने स्मार्टफोन में इस घटना को रिकॉर्ड कर लिया था।
मामले से जुड़े लोगों का कहना है कि एक अश्लील क्लिप अचानक ही प्रोजेक्टर स्क्रीन पर दिखाई दी। वीडियो कुछ सेकंड चला। ऑपरेटर ने क्लिप को तुरंत काट दिया। उधर मामले का पता लगते ही असम पुलिस के आला अफसर मौके पर पहुंचे। उसके बाद तिनसुकिया थाने में केस दर्ज किया गया। पुलिस ने ऑपरेटर को हिरासत में ले लिया है। उससे पता किया जा रहा है कि ये शर्मनाक घटना कैसे हुई।
पुलिस का कहना है कि प्रोग्राम लाइव था। इंडियन ऑयल के एक अफसर ने ट्विटर अकाउंट पर जूम मीटिंग की आईडी और पासवर्ड शेयर किया था। एसपी देबोजित देओरी का कहना है कि कोई जूम मीटिंग पर घुस आय़ा था। उसने ही अश्लील क्लिप वहां चलाई। मामले की जांच की जा रही है। तिनसुकिया के डीएम ने भी मामले की मजिस्ट्रेट जांच शुरू कर दी है। एडीएम मनजीत बरकाकटी को जांच का जिम्मा सौंपा गया है।
from National News in Hindi, Latest India’s News in Hindi, Hindi National News, नेशनल न्यूज़ - Jansatta | Jansatta https://ift.tt/mZDC2cM
No comments:
Post a Comment