पुड्डुचेरी की पूर्व उप राज्यपाल और बीजेपी नेता किरण बेदी का एक वीडियो सामने आया है जिसमें वह सार्वजनिक मंच पर सिखफोबिक ’12 बजे’ जोक मारती हुई नजर आ रही हैं। इस वीडियो में किरण बेदी मंच पर खड़े होकर कह रही हैं, “अभी बजे हैं पूरे 20 मिनट कम 12, यहां कोई सरदार जी नहीं हैं।” किरण का यह वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है।
भारतीय जनता पार्टी की नेता के इस मजाक पर आम आदमी पार्टी (आप) के वरिष्ठ नेता जरनैल सिंह ने पूर्व आईपीएस ऑफिसर किरण बेदी के चेन्नई में सोमवार (13 जून 2022) को हुए उस कार्यक्रम का वीडियो शेयर किया, जिसमें उन्होंने सिखों पर जोक मारा था। जरनैल सिंह ने ट्वीट में लिखा, “आजादी की लड़ाई में फांसी पर चढ़ाए गए 121 शहीदों में से 93 सिख थे, उम्रकैद की सजा भोगने वाले 2626 में से 2147 सिख थे पर यह जानने के लिए इतिहास की जानकारी होनी चाहिए।
अपने दूसरे ट्वीट में उन्होंने लिखा, “जब मुगल भारत को लूट कर, बहन-बेटियों को अगवा कर ले जाते थे, तब सिख ही उनसे डटकर लड़ते और बहन-बेटियों की रक्षा करते थे। उन्होंने कहा कि 12 बजे मुगलों पर हमला करने का समय था। यह है बारह बजे का इतिहास। शर्म आनी चाहिए भाजपा के टुच्ची सोच वाले नेताओं को जो उस एहसान के बदले सिखों का मजाक उड़ाते हैं।”
वहीं, आप की कैबिनेट मंत्री हरजोत सिंह बैंस ने भी ट्वीट कर किरण बेदी की आलोचना की है। उन्होंने लिखा, “आप पर और आपकी सोच पर शर्म आती है किरण बेदी। सिखों, उनके इतिहास और भारत में सिखों के योगदान के बारे में पढ़ें। भाजपा इतनी घटिया मानसिकता वाले नेताओं की फैक्ट्री है। बीजेपी चुप क्यों है? मैं राष्ट्रीय अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष इकबाल सिंह लालपुरा से से आग्रह करती हूं कि इनके खिलाफ तत्काल FIR दर्ज कराएं।
सोशल मीडिया पर कई लोगों ने भी किरण बेदी के इस मजाक पर आपत्ति जताते हुए उनके खिलाफ एक्शन लेने की मांग की। अमान (@amaanbali) नाम के यूजर ने ट्विटर पर लिखा, “भाजपा की किरण बेदी अपने संबोधन के दौरान सिखों पर ’12 बजे का जोक’ मारती हैं और “कोई सरदार जी है” कहती हैं। यह उनका बौद्धिक स्तर है। @SGPCAअमृतसर सुनिश्चित करें कि कोई भी सिखों पर इस तरह की भाषा या चुटकुलों को बोलकर बचे न।”
कोमल सिंह (@komalj_singh) ने लिखा, “हम सभी सिखों पर इन चुटकुलों के साथ बड़े हुए हैं। हर जगह हमारी अनुपस्थिति में वे हमारे बारे में यही बोलते हैं। हंस रहे दर्शकों को देखिए। किरण बेदी को शर्म आनी चाहिए। @SGPCAअमृतसर कृपया सख्त कार्यवाही करें।”
from National News in Hindi, Latest India’s News in Hindi, Hindi National News, नेशनल न्यूज़ - Jansatta | Jansatta https://ift.tt/Wsp4xih
No comments:
Post a Comment