Tuesday, November 2, 2021

महंगाई ने हराया- हिमाचल में बीजेपी को एक भी सीट नहीं मिलने पर बोले भाजपाई सीएम जयराम ठाकुर, एक और नेता ने बताया खतरे की घंटी

हिमाचल प्रदेश में एक लोकसभा और तीन विधानसभाओं के उपचुनाव में सत्तारूढ़ भाजपा को एक भी सीट नहीं मिलने पर सीएम जयराम ठाकुर ने अफसोस जताया है। उन्होंने हार को स्वीकार करते हुए कहा कि पार्टी इस पर आत्मावलोकन करेगी। हालांकि उन्होंने हार के लिए महंगाई के मुद्दे को विपक्ष के जोरशोर से उठाने को जिम्मेदार बताया। कहा कि पार्टी को जनता ने नहीं, बल्कि महंगाई ने हराया।

भाजपा के लिए हिमाचल प्रदेश में हार एक बड़ा झटका है। वरिष्ठ नेता पी मुरलीधर राव ने भी हार पर निराशा जताते हुए कहा, “यह पार्टी और उसके कार्यकर्ताओं के लिए एक वेक-अप कॉल है। हमें इसकी गहराई में जाना होगा क्योंकि राज्य अगले साल विधानसभा चुनाव का सामना करने जा रहा है।” उन्होंने इसे खतरे की घंटी बताई

राज्य में कांग्रेस ने मंडी लोकसभा सीट और तीनों विधानसभा सीटों फतेहपुर, अर्की और जुबल-कोटखाई पर जीत हासिल कर ली है। निर्वाचन आयोग द्वारा मंगलवार को घोषित चुनाव परिणाम के अनुसार, कांग्रेस ने अपनी फतेहपुर और अर्की सीटें बरकरार रखी हैं। वह जुबल-कोटखाई सीट भाजपा से छीनने में कामयाब हुई है।

सबसे खराब स्थिति जुबल-कोटखाई में रही। यहां भाजपा प्रत्याशी नीलम सेराइक अपनी जमानत भी नहीं बचा सकीं, उन्हें महज 2,644 वोट मिले। कांग्रेस के रोहित ठाकुर (29,955) ने 6,293 वोटों के अंतर से निर्दलीय उम्मीदवार चेतन सिंह ब्राग्टा (23,662) को हराया।

फतेहपुर विधानसभा सीट पर कांग्रेस के भवानी सिंह पठानिया (24,449) ने भाजपा के बलदेव ठाकुर (18,660) को 5,789 मतों के अंतर से हराया है। वहीं, निर्दलीय चुनाव लड़ने वाले राज्य के पूर्व मंत्री डॉक्टर रंजन सुशांत को 12,927 वोट मिले हैं। अर्की से कांग्रेस प्रत्याशी संजय (30,798) ने 3,219 वोटों के अंतर से भाजपा उम्मीदवार रतन सिंह पाल (27,579) को हराया।

कभी भाजपा के हिस्से में रही मंडी लोकसभा सीट से कांग्रेस प्रत्याशी और पूर्व मुख्यमंत्री दिवंगत वीरभद्र सिंह की पत्नी प्रतिभा सिंह ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी और करगिल युद्ध के सैनिक भाजपा प्रत्याशी कौशल ठाकुर को 7,490 वोटों के अंतर से हराया। मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया है कि यहां भाजपा के कुछ कार्यकर्ताओं ने पार्टी प्रत्याशी के खिलाफ काम किया है और उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

राज्य कांग्रेस के अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौड़ ने भाजपा की हार के बाद नैतिक आधार पर मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर से इस्तीफा मांगा है। उन्होंने पत्रकारों से कहा कि कांग्रेस ने ‘सेमीफाइनल’ जीत लिया है और अगले साल दिसंबर में होने वाले विधानसभा चुनावों में भी जीत दर्ज करेगी। वहीं दूसरी ओर, मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि, ‘‘पार्टी अपनी कमियों को दूर करने के लिए रणनीति तैयार करेगी और 2022 के विधानसभा चुनाव में जीत के लिए हरसंभव प्रयास करेगी।’’

The post महंगाई ने हराया- हिमाचल में बीजेपी को एक भी सीट नहीं मिलने पर बोले भाजपाई सीएम जयराम ठाकुर, एक और नेता ने बताया खतरे की घंटी appeared first on Jansatta.



from राष्ट्रीय – Jansatta https://ift.tt/3nUO8Ai

No comments:

Post a Comment

Monkeypox In India: केरल में मिला मंकीपॉक्स का दूसरा केस, दुबई से पिछले हफ्ते लौटा था शख्स

monkeypox second case confirmed in kerala केरल में मंकीपॉक्स का दूसरा मामला सामने आया है। सूबे के स्वास्थ्य मंत्रालय का कहना है कि दुबई से प...